सरकारी कंपनी बीईएमएल लिमिटेड ने आईटीई ट्रेनी के 44 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें फिटर के 17 और इलेक्ट्रीशियन के 27 पद ग्रुप सी लेवल के हैं। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी की वेबसाइट beml.registrationform.in के जरिए 6 दिसंबर 2026 शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले योग्यता और शर्तें आधिकारिक नोटिफिकेशन में जांच लें।

फिटर पद के लिए 60 प्रतिशत अंकों के साथ फर्स्ट क्लास आईटीआई और एनसीवीटी से नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट होना चाहिए। साथ ही अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी हो और रोलिंग स्टॉक्स मेंटेनेंस में कम से कम दो साल का पोस्ट क्वालिफिकेशन अनुभव हो। इलेक्ट्रीशियन पद के लिए संबंधित ट्रेड में फर्स्ट क्लास आईटीआई, नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट अप्रेंटिसशिप और दो साल का मेंटेनेंस अनुभव जरूरी है। दोनों पदों पर अधिकतम उम्र सामान्य वर्ग के लिए 29, ओबीसी के लिए 32 और एससी/एसटी के लिए 34 साल तय की गई है।

चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 45 प्रतिशत तथा एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी को 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे। स्किल टेस्ट में सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस के लिए 60 प्रतिशत और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। अंतिम चयन में दोनों परीक्षाओं का वेटेज 50-50 प्रतिशत रहेगा।

चयनित उम्मीदवारों का शुरुआती ट्रेनिंग पीरियड एक साल का होगा, जिसमें हर महीने 15,500 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। इसके बाद दो साल के कॉन्ट्रैक्ट पर 20,000 और 23,500 रुपये प्रति माह सैलरी मिलेगी। ट्रेनिंग और कॉन्ट्रैक्ट पीरियड पूरा होने पर कंपनी अपनी बिजनेस रिक्वायरमेंट के अनुसार वेज ग्रुप बी पे स्केल 16,900 से 60,650 रुपये के मुताबिक सैलरी देगी। भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।