कानपुर के सराफा बाजार में पिछले दो महीनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सराफा कारोबारियों के अनुसार चांदी 88,000 रुपये प्रति किलो और सोना 24,300 रुपये प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ है। गुरुवार को एक ही दिन में सोने के भाव में 4,800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी में 2,800 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई।

बुधवार को सोना 1,38,500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,69,800 रुपये प्रति किलो पर थी, जो गुरुवार को घटकर क्रमश: 1,33,700 रुपये और 1,67,000 रुपये प्रति किलो रह गई। नयागंज सराफा बाजार के रवि गुप्ता के अनुसार चांदी की यह गिरावट वर्ष 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान दर्ज 57.6 प्रतिशत की गिरावट से भी अधिक है। उनके मुताबिक वर्ष 2026 में अपने सर्वोच्च स्तर से चांदी करीब 60 प्रतिशत तक टूट चुकी है।

स्थानीय बाजार में 10 सितंबर को चांदी 2,45,000 रुपये प्रति किलो और सोना 1,58,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर था, जो 19 नवंबर को घटकर क्रमश: करीब 1,67,000 रुपये और 1,33,700 रुपये रह गया। गुरुवार की तेज गिरावट से सराफा बाजार के कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

चौक सराफा के कारोबारी पदम अग्रवाल का कहना है कि कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव अभी बना रह सकता है। उनके अनुसार सहालग में आभूषण और उपहार खरीदने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में कम कीमत चुकानी होगी, इसलिए खरीदारी के लिए यह अच्छा अवसर है।