गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र में रविवार शाम 6.05 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ब्लैकआउट एवं एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सायरन बजते ही चारों तरफ अंधेरा छा गया और लोग जहां थे वहीं ठहर गए। खाली मैदान में पहुंचे लोग जमीन पर लेटकर कान बंद कर लिए। इसी बीच दुश्मन देश के विमानों की बमबारी का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया।
नागरिक सुरक्षा की टीम ने सायरन बजाते हुए लोगों को सचेत किया और घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा। टीम ने मकानों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। बमबारी में घायल लोगों को चिकित्सकों की टीम ने एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
करीब 45 मिनट तक चले हवाई हमले और बचाव कार्य के बाद एक बार फिर सायरन बजा और लाइट आ गई। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। विभाग के अनुसार यह कोई वास्तविक हमला नहीं था, बल्कि हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने और नागरिकों को जागरूक करने के लिए आयोजित अभ्यास था।
अभ्यास के दौरान हवाई हमले की संभावित स्थिति का प्रदर्शन कर लोगों को सुरक्षा के उपाय बताए गए। नागरिकों को प्रकाश व्यवस्था बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आपातकाल में प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी गई।
