गोरखपुर जिले में चार बड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को शासन की मंजूरी मिल गई है। गीडा के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में मेसर्स श्रेयस डिस्टिलरीज एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तीन इकाइयां लगाएगी, जबकि सहजनवा के भीटी रावत में मेसर्स केयान डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड अपनी दूसरी इकाई स्थापित करेगी। इन परियोजनाओं में एथनाल, बीयर और माल्ट स्प्रिट का उत्पादन होगा। पहले चरण में करीब 4500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 600 लोगों को रोजगार मिलेगा। अनाज आधारित इन उद्योगों से चावल और मक्का उत्पादक किसानों को स्थानीय स्तर पर नया बाजार मिलेगा।

धुरियापार के सेक्टर-एस-5 में श्रेयस डिस्टिलरीज तीन इकाइयां लगाएगी। शासन ने कंपनी को 750 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता की अनाज आधारित एथनाल इकाई लगाने की अनुमति दी है। 350 कार्य दिवसों के हिसाब से इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 26.25 करोड़ लीटर होगी। इसी परिसर में 15 लाख हेक्टोलीटर यानी 15 करोड़ लीटर वार्षिक क्षमता की ब्रुअरी लगेगी, जहां अनाज आधारित बीयर का उत्पादन होगा। इसके अलावा 10 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता की माल्ट डिस्टिलरी भी स्थापित होगी, जिसकी वार्षिक क्षमता 3500 किलोलीटर होगी और इसमें अनाज से माल्ट स्प्रिट तैयार की जाएगी।

सहजनवा के भीटी रावत स्थित गीडा के सेक्टर-26 में केयान डिस्टिलरीज अपनी दूसरी इकाई लगाएगी। यह इकाई ड्यूल मोड तकनीक पर आधारित होगी, जिसमें अनाज और शीरा दोनों से अल्कोहल तैयार किया जा सकेगा। प्रस्तावित तकनीकी क्षमता चावल से 140, मक्का से 120 और शीरा से 128 किलोलीटर प्रतिदिन है। हालांकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति के अनुसार फिलहाल 100 किलोलीटर प्रतिदिन उत्पादन की अनुमति दी गई है। यहां उत्पादित अल्कोहल का 60 प्रतिशत पेय और 40 प्रतिशत औद्योगिक उपयोग के लिए होगा।

चारों इकाइयों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन ने कड़ी शर्तें लगाई हैं। मुख्य द्वार और धर्मकांटों पर वाहनों की नंबर प्लेट दर्ज करने के लिए एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। टैंकों में राडार आधारित लेवल ट्रांसमीटर और मास फ्लोमीटर लगाकर आबकारी विभाग के पोर्टल से जोड़े जाएंगे। ग्रेन साइलो और कन्वेयर बेल्ट पर पारदर्शी ग्लास प्लेट लगानी होगी, जिससे अनाज की किस्म की निगरानी हो सके। सभी इकाइयों को पर्यावरण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि उद्योगों के लिए अनाज की आपूर्ति से प्रदेश में मनुष्यों और पशुओं के खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्टीयरिंग कमेटी इसकी निगरानी करेगी। गीडा के सीईओ विशाल कुमार ने इसे गीडा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इससे बड़े निवेश को आकर्षित करने में सहायता मिलेगी तथा सहायक उद्योगों की स्थापना को भी बढ़ावा मिलेगा।