गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान हुई दुर्घटना में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं होते और उन्हें डंडे से ही सीधा किया जा सकता है। सीएम ने कहा कि यही काम उनकी सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान अराजकता का मुद्दा उठाया और कहा कि बेहतर सड़कें माफिया पोषक पार्टी के गुंडों को अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनवाई गई हैं। उन्होंने सपा अध्यक्ष पर दुर्घटना के बाद संवेदना व्यक्त न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उस मासूम की क्या गलती थी। सीएम ने कहा कि अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और माफियापोषक पार्टी के गुंडों को सबक सिखाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह पीड़ित परिवार के घर जाएंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे। इससे पहले उन्होंने वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। वनमंत्री अरुण कुमार ने विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के नाम पर रखने की घोषणा की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री टाउनहाल में योगी जनचौपाल लगाएंगे। इसके बाद वह आर्यवर्धन के घर जाकर पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाएंगे।
