गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण के स्थायी प्रयासों की रफ्तार धीमी बनी हुई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की स्टेट एक्शन प्लान-2026 की रिपोर्ट कार्ड में शहर की पर्यावरणीय चुनौतियां सामने आई हैं। इनमें सबसे गंभीर स्थिति बंधवाड़ी लैंडफिल साइट की है, जहां पुराने कचरे के निस्तारण का सालाना लक्ष्य केवल 48 प्रतिशत ही पूरा हो सका है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026 के लिए इस साइट पर 15 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के निस्तारण का लक्ष्य तय किया गया था। 31 अक्टूबर तक केवल 7.25 लाख मीट्रिक टन कचरे का ही निस्तारण हुआ। यानी अभी 7.75 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा निस्तारण का इंतजार कर रहा है। नगर निगम की ओर से बायोमाइनिंग और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन रिपोर्ट में दर्ज प्रगति बताती है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए काम की गति बढ़ानी होगी। कचरे के ढेर से निकलने वाली दुर्गंध और मीथेन गैस को देखते हुए यह सिर्फ कचरा प्रबंधन नहीं, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौती है।

रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम में प्रदूषण की समस्या केवल वाहनों और निर्माण गतिविधियों तक सीमित नहीं है। तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों से निकलने वाला निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट सड़कों के किनारे, खाली प्लाटों और खुले स्थानों पर जमा होकर धूल उड़ाता है। इसके नियंत्रण के लिए अपशिष्ट का समय पर उठान और वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण जरूरी है।

शहर की सड़कों से उड़ने वाली धूल भी वायु प्रदूषण का बड़ा कारण है। कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढे, उखड़ी सड़कें और खुले किनारों पर जमा मिट्टी दिनभर धूल फैलाती है। ऐसे में सड़क सफाई मशीनों की उपलब्धता, उनके नियमित संचालन और धूल उठाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है। केवल पानी का छिड़काव सड़क पर जमा महीन धूल का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। वहीं, रोज निकलने वाले कचरे के समय पर उठान और वैज्ञानिक प्रसंस्करण के साथ पृथक्करण और अंतिम निस्तारण की गति भी बढ़ानी होगी। औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और उत्सर्जन की निगरानी को भी महत्वपूर्ण बताया गया है।