गुवाहाटी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यस्त सड़क के नीचे बने नाले में फंसे युवक को राहगीरों ने बचा लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की इमारत के सामने बने नाले में हुई। बताया जा रहा है कि युवक कई दिनों से वहां फंसा हुआ था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह इलाका काफी व्यस्त रहता है और वाहनों के शोर के बीच फुटपाथ से गुजर रहे लोगों को नाले से मदद मांगने की हल्की आवाज सुनाई दी। एक व्यक्ति ने झांककर देखा तो युवक बेहद दयनीय हालत में नाले में पड़ा था। इसके बाद राहगीरों ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया और भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू की व्यवस्था की और कुछ मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए बताया कि उसकी हालत देखकर लग रहा था कि वह काफी दिनों से नाले में फंसा हुआ था। बाहर निकाले जाने के बाद युवक वहां से चला गया।
घटना चर्चा में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि युवक के काफी दिनों से नाले में फंसे होने की जानकारी सामने आई थी और फिलहाल उसकी पहचान तथा फंसने की वजह की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवक की जान बच गई, लेकिन सवाल बना हुआ है कि इतनी व्यस्त जगह पर वह इतने लंबे वक्त तक नाले में कैसे रहा।
