प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए पंजाब के सात वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है। इनमें पांच प्रशासनिक और दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं। सभी को इस सप्ताह अलग-अलग तारीखों पर चंडीगढ़ स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

ईडी की यह कार्रवाई भुल्लर और कथित बिचौलिये कृष्णानु शारदा से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है। एजेंसी को संदेह है कि शारदा पंजाब सरकार के कई अधिकारियों के संपर्क में था और उनके माध्यम से सरकारी कामकाज में अनुचित लाभ दिलाने के लिए पैसे का लेनदेन करता था। ईडी के एक अधिकारी के अनुसार, जांच में अधिकारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने में शारदा की भूमिका सामने आई है।

समन के अनुसार, सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राहुल, बुधवार को पीसीएस अधिकारी आनंद सागर शर्मा और सेवानिवृत्त अधिकारी अरुण सेखड़ी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। गुरुवार को फाजिल्का के एसएसपी गगन अजित सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग की विशेष सचिव नीरू कात्याल गुप्ता और सेवानिवृत्त अधिकारी गुरप्रीत सपरा को तलब किया गया है, जबकि पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को शुक्रवार को ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

सीबीआई ने डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और कृष्णानु शारदा को 16 अक्टूबर, 2025 को गिरफ्तार किया था। शारदा को डीआईजी की ओर से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद ईडी ने मामले में मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की। शारदा को ईडी ने 18 सितंबर, 2026 को और भुल्लर को 9 अक्टूबर, 2026 को गिरफ्तार किया। सीबीआई की तलाशी में 7.37 करोड़ रुपये नकद और 2.32 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद किए गए थे। ईडी का आरोप है कि शारदा पैसे के बदले तबादलों, नियुक्तियों तथा अन्य सरकारी कार्यों में मदद करवाता था। मामले में जांच जारी है।