नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी की हवा में रविवार को लगातार चौथे दिन सुधार दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार के मुकाबले 26 अंक घटकर 239 पर आ गया। हालांकि, हवा की गुणवत्ता अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषकों के बिखरने से यह सुधार हुआ।
पिछले चार दिनों से दिल्ली का एक्यूआई धीरे-धीरे नीचे आ रहा है। 19 नवंबर को यह 280 था, जो 20 नवंबर को 270, शनिवार को 265 और रविवार को 239 पर पहुंच गया। रविवार को जिन 56 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों से आंकड़े दर्ज हुए, उनमें से 36 में हवा ‘खराब’, आठ में ‘बेहद खराब’ और 12 में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। सबसे खराब वायु गुणवत्ता उत्तम नगर में दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 332 रहा। इसके बाद इग्नू मैदान गढ़ी में एक्यूआई 330 दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुमान के मुताबिक, सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
