अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर दोनों देशों के बीच बातचीत विफल रहती है तो वे नए साल के बाद ईरान पर फिर से सैन्य हमले का आदेश दे सकते हैं। फॉक्स न्यूज के अनुसार रविवार को ट्रंप ने तेहरान पर तनाव बढ़ाने और बातचीत में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी चुनावों से पहले की तुलना में ईरानी वार्ताकार अब अधिक आक्रामक हो गए हैं और उनकी कूटनीति को बेमतलब बताते हुए ईरानी अधिकारियों को बातों में उलझाने वाला करार दिया।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास जारी संघर्ष के बीच अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर रखी है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरानी जहाजों ने यह नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की तो अमेरिकी सेना पूरी ताकत से जवाब देगी। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कूटनीतिक प्रयास विफल रहने पर दोनों सेनाओं के बीच जवाबी हमले जारी रह सकते हैं।

दूसरी ओर ईरान का कहना है कि अगर अमेरिका उसकी शर्तें मान ले तो होर्मुज संकट सुलझाया जा सकता है। तस्नीम और अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर वाशिंगटन अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत उचित शर्तों पर सहमत होता है तो इस जलमार्ग को फिर से खोलना मुश्किल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका को अपनी गलतियां स्वीकार करनी होंगी और पिछले वादे पूरे करने होंगे। अराघची ने गाजा के हालात पर चर्चा के लिए इस्लामिक सहयोग संगठन की आपात बैठक बुलाने की मांग भी की और गाजा की स्थिति को खामोश नरसंहार करार दिया।

इस बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बहरीन स्थित सैन्य अड्डों पर दो अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली है। आईआरआईबी के बयान और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन के अल-रिफा और अवाली सैन्य अड्डों पर अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि अमेरिका की ओर से इस हमले की अभी पुष्टि नहीं की गई है। आईआरजीसी ने इसे अमेरिकी ड्रोनों द्वारा ईरानी हवाई क्षेत्र के कथित बार-बार उल्लंघन और हेंगम द्वीप स्थित रडार केंद्र पर हुए हमले का जवाब बताया है। खबरों के मुताबिक ईरान के कई शहरों में सरकार विरोधी प्रदर्शन फिर शुरू हो गए हैं, और ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन जारी रखने की बात कही है।