बेंगलुरु में रविवार शाम पुलिस ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला और उनकी मां वाईएस विजयलक्ष्मी को शहर स्थित उनके पारिवारिक बंगले की ओर जाने से रोक दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, अदालत के आदेश के तहत उनके इस बंगले में प्रवेश पर रोक है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई। घटना बेंगलुरु मेन रोड पर शाम करीब साढ़े छह बजे की है, जब शर्मिला और उनकी मां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकलकर बंगले की तरफ जा रही थीं।
पुलिस ने बताया कि उन्हें पुख्ता सूचना मिली थी कि शर्मिला बंगले की ओर जा रही हैं। अधिकारियों की एक टीम ने उनका वाहन रोक लिया। वाईएस शर्मिला वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं और फिलहाल जगन मोहन रेड्डी इसी पारिवारिक बंगले में रहते हैं।
गाड़ी रोके जाने के दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागही और ड्रामा देखने को मिला। शर्मिला ने दावा किया कि उनका इरादा बंगले के अंदर जाने का नहीं था, बल्कि वह केवल उसके पास से गुजरते हुए थानिसांद्रा मेन रोड स्थित एक फाइव-स्टार होटल जा रही थीं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि वह जिस रास्ते का इस्तेमाल कर रही हैं, वह होटल जाने का मुख्य मार्ग नहीं है।
काफी समझाइश के बाद पुलिस ने बंगले वाले रास्ते से बचाते हुए उन्हें दूसरे मार्ग से आगे भेज दिया।
