दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने शनिवार को उत्तरी जिले के सब्जी मंडी थाना और महिला थाना में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने खुद लोगों के बीच बैठकर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई का उद्देश्य थानों को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना और पुलिस तथा जनता के बीच भरोसा बढ़ाना है।

जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से बरामद किए गए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए। पुलिस आयुक्त ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और यह समझने का प्रयास किया कि थाने में शिकायत दर्ज कराने से लेकर कार्रवाई तक लोगों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पहल से आम लोगों को पुलिस के शीर्ष अधिकारी तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिला।

पुलिस आयुक्त ने महिला थाने का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रिसेप्शन, शिकायत निवारण इकाई, रिकॉर्ड रूम और पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी बातचीत की और उनकी कार्यक्षमता, फील्ड में आने वाली चुनौतियों और कामकाज से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मान और संवेदनशीलता से पेश आएं। विशेष रूप से महिला शिकायतकर्ताओं की बात धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रशासनिक सहयोग और बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया।