हरियाणा के हिसार जिले के भोजराज गांव में शनिवार को आर्मी ट्रेनिंग के दौरान एक टैंक की चपेट में आने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है।

जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि भोजराज गांव में आर्मी ट्रेनिंग कैंप पर हुए हादसे में दो जवान शहीद हो गए हैं। सूचना मिलने पर हिसार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। परिवारजनों के बयान दर्ज कराने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर सेना को सौंप दिए गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेना भोजराज गांव में 32 टैंकों के साथ युद्धाभ्यास कर रही थी। इसी दौरान शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान उड़ी धूल के कारण टैंक चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे टैंक आगे तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया। दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत हिसार मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सैन्य अधिकारियों ने घटना की जानकारी हिसार पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की और 22 नवंबर को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि हिसार पुलिस दोनों जवानों की शहादत का सम्मान करती है और देश के लिए उनके बलिदान को पूरे सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर अपने सुपुर्द ले लिए।