छठ महापर्व के बाद पटना से दिल्ली, मुंबई और सूरत जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित और विशेष ट्रेनों में 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। लंबी प्रतीक्षा सूची और कई ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति के कारण यात्रियों के सामने सफर की चिंता खड़ी हो गई है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में तय समय पर लौटना है।

पटना से दिल्ली के लिए कुल 20 ट्रेनें सूची में हैं, लेकिन किसी में भी 30 नवंबर तक सामान्य रूप से कन्फर्म टिकट नहीं है। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में 26 नवंबर तक रिग्रेट की स्थिति है। गरीब रथ एक्सप्रेस में चार दिसंबर तक रिग्रेट है। श्रमजीवी एक्सप्रेस, वंदे भारत स्पेशल, पूर्वा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। कुछ स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट उपलब्ध नहीं है।

मुंबई के लिए सात ट्रेनें होने के बावजूद किसी में भी 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। दानापुर-एलटीटी स्पेशल, सहरसा-एलटीटी स्पेशल, आसनसोल-सीएसएमटी एक्सप्रेस, रक्सौल-एलटीटी स्पेशल, पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस और राजगीर-एलटीटी एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक वेटिंग है, जबकि डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में तीन दिसंबर तक रिग्रेट की स्थिति है। सूरत और उधना के लिए भी स्थिति अलग नहीं है। सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस और हाजीपुर-उधना स्पेशल में 30 नवंबर तक वेटिंग चल रही है।

नियमित ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण रेलवे की ओर से टर्मिनल आक्यूपेंसी के हिसाब से चलाई जा रही ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) ट्रेनें यात्रियों के लिए सहारा बनी हुई हैं। छठ के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे इन ट्रेनों का परिचालन कर रहा है और मांग के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।