एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में रविवार को ग्रुप-बी के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 48 रनों से हरा दिया। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत के सामने 314 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में भारतीय टीम 265 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए और आयुष बडोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जिससे टीम ने 26 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। अभिषेक ने 42 गेंदों में छह चौकों और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाए, जबकि तिलक ने 36 गेंदों में 8 रन जोड़े।

अभिषेक के आउट होने के बाद भारत एक बार फिर दबाव में आ गया। कुमार कुशाग्र (2), रिंकू सिंह (6) और सूर्यांश शेडगे (3) सस्ते में आउट हो गए और टीम का स्कोर 129/6 हो गया। इसके बाद कप्तान तिलक के साथ आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाज अहमद ने पारी संभाली। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 108 गेंदों में 112 रन की साझेदारी की। शाहबाज 49 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक ने 100 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहा।

पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज और अली रजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो सफलता मिलीं। इससे पहले टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 49.2 ओवरों में 313 रन पर समेट दिया था। पाकिस्तान के लिए माज सदाकत (59), हसन नवाज (79) और फरहान यूसुफ (56) ने अर्धशतक लगाए, जबकि भारत के लिए हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए। एक विकेट आयुष बडोनी को भी मिला।