लुधियाना की एक अदालत ने थाना मॉडल टाउन की एसएचओ इंस्पेक्टर गुरशिंदर कौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने यह कार्रवाई अपहरण से जुड़े एक मामले में बार-बार आदेशों की अनदेखी और रिपोर्ट पेश न करने पर की है। अदालत ने पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को एसएचओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसीपी सिविल लाइंस को 23 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर एफआईआर संबंधी कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
मामला रमनदीप कौर की ओर से वर्ष 2022 में रछपाल सिंह के खिलाफ दायर याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अपहरण से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की थी। अदालत ने छह फरवरी 2025 को थाना मॉडल टाउन की एसएचओ को मामले में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे, लेकिन रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई। इसके बाद कई बार रिपोर्ट देने को कहा गया, पर आदेशों का पालन नहीं हुआ।
इसके बाद छह मई को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ और छह अगस्त को एसएचओ के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए गए। अदालत ने रिपोर्ट पेश करने का दबाव बनाने के लिए एसएचओ का वेतन अटैच करने के आदेश भी दिए थे, फिर भी रिपोर्ट दाखिल नहीं हुई। छह नवंबर को अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया।
एसीपी सिविल लाइंस सरबजीत सिंह ने कहा कि अदालत के आदेश उनके संज्ञान में आ गए हैं। विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अगली सुनवाई तक अदालत के निर्देशों के अनुसार रिपोर्ट पेश की जाएगी।
