इस्लामाबाद: संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर हाफिज तलहा सईद ने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को धन्यवाद दिया है। हाफिज तलहा सईद खूंखार आतंकी हाफिज सईद का बेटा है। सीएनएन न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार तलहा सईद ने पाकिस्तान के जिहादी संस्थानों का समर्थन करने के लिए असीम मुनीर को शुक्रिया कहा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद कई ऐसे जिहादी संस्थानों से जुड़ा रहा है, जिन्हें पाकिस्तानी सेना की तरफ से भारी भरकम पैसे मिलते रहे हैं।

पंजाब विश्वविद्यालय के इस्लामिक स्टडीज विभाग में बोलते हुए तलहा सईद ने असीम मुनीर के इस्लामिक बैकग्राउंड की तारीफ की। रिपोर्ट के मुताबिक उसने कहा कि अल्लाह ने पाकिस्तान को फील्ड मार्शल हाफिज असीम मुनीर के रूप में नवाजा है और उन्हें हाफिज-ए-कुरान बताया। तलहा सईद ने पाकिस्तानी सेना की आलोचना को सुनियोजित अभियान करार दिया और कहा कि सोशल मीडिया पर सेना के खिलाफ जानबूझकर अभियान चलाया जा रहा है।

तलहा सईद ने इस दौरान पाकिस्तानी सेना और जिहादी संस्थाओं के बीच सांठगांठ की पोल खोल दी है। रिपोर्ट के अनुसार उसने माना कि असीम मुनीर जिहादी संस्थाओं की मदद कर रहा है और इसके लिए उसने पाकिस्तानी सेना प्रमुख को धन्यवाद भी दिया। उसने कहा कि वे पाकिस्तान सरकार, फील्ड मार्शल और उन सभी लोगों का विशेष तौर पर धन्यवाद करते हैं जो मदरसों के संबंध में प्रयास कर रहे हैं।

यह बयान ऐसे वक्त आया है जब पाकिस्तान में धार्मिक शिक्षण संस्थानों के रजिस्ट्रेशन, रेगुलेशन और उनकी देखरेख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पाकिस्तान में 'सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन अधिनियम-2024' में मदरसों के रजिस्ट्रेशन के प्रावधान किए गए हैं और मदरसों के ऑडिट रिपोर्ट से जुड़ी शर्तें तय की गई हैं।