जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां 65 पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, इनमें 35 आतंकी लश्कर-ए-तैयबा और 25 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं, जबकि बाकी अन्य प्रतिबंधित संगठनों के हैं। ये सभी विदेशी आतंकी जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में मौजूद माने जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा पर विशेष नजर रख रही हैं, जहां घने जंगल और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, 2024 में केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकियों की अनुमानित संख्या 91 थी, जिसमें विदेशी और स्थानीय दोनों शामिल थे। अब यह संख्या घटकर करीब 65 रह गई है और इनमें केवल पाकिस्तानी आतंकी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में आखिरी स्थानीय आतंकी लतीफ भट को 18 नवंबर को कुलगाम जिले में एनकाउंटर में मारा गया था। इसके बाद 21 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के एक कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह ने ऐलान किया था कि घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी नहीं बचा है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 18 नवंबर को उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में पासिंग-आउट परेड को संबोधित करते हुए भरोसा जताया था कि यह क्षेत्र जल्द आतंकवाद मुक्त होगा। उन्होंने कहा था कि केंद्र शासित प्रदेश में अब केवल कुछ विदेशी आतंकी बचे हैं। अधिकारियों ने बताया कि विदेशी आतंकियों को खत्म करने के लिए कई एजेंसियां मिलकर अभियान चला रही हैं और इन अभियानों में खुफिया इनपुट का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका एक उदाहरण किश्तवाड़ में सैफुल्लाह के नेतृत्व वाले जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकियों का खात्मा है। यह गुट अप्रैल 2024 में घुसपैठ कर जम्मू-कश्मीर आया था और 22 फरवरी को छत्रू इलाके में ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान कई अभियानों के बाद इसे खत्म किया गया।

सक्रिय आतंकियों की संख्या घटने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां घुसपैठ रोकने पर ध्यान दे रही हैं। एजेंसियां आतंकियों के मददगार नेटवर्क की पहचान और दूरदराज इलाकों में सक्रिय विदेशी आतंकियों की निगरानी कर रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2022 में जम्मू-कश्मीर में कुल 135 आतंकी सक्रिय थे, जिनमें 85 विदेशी और 50 स्थानीय आतंकी थे। 2023 में सक्रिय आतंकियों की संख्या में करीब 48.35 प्रतिशत की कमी आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवाद विरोधी अभियानों में तेजी के कारण सक्रिय आतंकियों की संख्या लगातार घट रही है। लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद को 2001 के भारतीय संसद हमले, 2016 के उरी हमले और 2019 के पुलवामा विस्फोट सहित कई बड़े हमलों के लिए जिम्मेदार माना गया है।