पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में महंगाई, आटे-बिजली की किल्लत और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर स्थानीय लोग पिछले कुछ समय से पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेतृत्व में मुजफ्फराबाद, रावलाकोट, कोटली, मीरपुर और धीरकोट सहित कई इलाकों में चल रहे इन प्रदर्शनों को रोकने के लिए पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI ने जो तरीके अपनाए, उससे ISI और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के बीच मतभेद सामने आए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह महीनों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पाकिस्तानी प्रशासन की कार्रवाई से जैश के कुछ सदस्य नाराज हैं और उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर अत्यधिक बल प्रयोग पर सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, पाक सेना और ISI ने कुछ महीने पहले जैश और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकियों को प्रदर्शन स्थलों में घुसपैठ कराने, हिंसा भड़काने और बल प्रयोग को सही ठहराने के लिए चुना था। लेकिन यह साजिश उलटी पड़ गई और जिसे घुसपैठ माना जा रहा था, वह जैश सदस्यों का वास्तविक असंतोष निकला, जो खुद प्रदर्शनों में शामिल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख ISI ने जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी को एक डोजियर सौंपकर रावलकोट में प्रदर्शनों में शामिल कम से कम 23 सदस्यों पर तुरंत लगाम कसने की हिदायत दी है।
जैश के लोगों ने पाक सेना पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गोलियां चलाने, उन्हें जबरन गायब करने और अत्यधिक बल प्रयोग करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बाद से मसूद अजहर समेत जैश की शीर्ष नेतृत्व छिपी हुई है और उसने कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है, जिससे कैडर अपने संगठन से जुड़ने पर सवाल उठा रहे हैं। खुफिया ब्यूरो (IB) के अनुसार, जैश को रावलकोट में अपने ठिकानों पर संकट और स्थानीय समर्थन खोने का डर सता रहा है। संगठन का मानना है कि पाकिस्तान की इस कठोर कार्रवाई से स्थानीय आबादी अलग-थलग पड़ गई है, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
