अमेरिकी वैज्ञानिकों के संगठन 'फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स' (FAS) के 'न्यूक्लियर इन्फॉर्मेशन प्रोजेक्ट' ने 'इजरायल परमाणु हथियार-2026' नाम से एक शोध रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायल अपने परमाणु हथियारों को अपग्रेड कर रहा है। इजरायल परमाणु हथियार होने की बात न तो नकारता है और न ही मानता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 के आकलन के अनुसार इजरायल के पास अभी भी 90 परमाणु हथियार हो सकते हैं। इजरायल ने कोई नया परमाणु हथियार नहीं बनाया है, बल्कि इन्हें फाइटर जेट, मिसाइलों और पनडुब्बी आधारित क्रूज मिसाइलों से दागने के लिए तैयार किया गया है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि इजरायल ने करीब 800 से 1000 किलोग्राम प्लूटोनियम जमा कर लिया है, जिससे वह 100-200 नये परमाणु हथियार बना सकता है।

नेगेव रेगिस्तान स्थित शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर (डिमोना) में गहरी खुदाई, नई भूमिगत सुरंगें और गोलाकार संरचनाएं देखी गई हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इजरायल इस केंद्र को 2040 तक चालू रखने की योजना पर काम कर रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इजरायल पुरानी डॉल्फिन-क्लास पनडुब्बियों की जगह जर्मनी में बनी नई डकार-क्लास पनडुब्बियां शामिल करेगा, जो 2030 के करीब मिलनी शुरू होंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के पास हवा, जमीन और पनडुब्बियों से परमाणु हमले की क्षमता है। इजरायल के पास अमेरिकी एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें परमाणु हथियारों के अनुरूप अपग्रेड किया गया है या नहीं। रिपोर्ट में करीब 50 'जेरिको' बैलिस्टिक मिसाइलों का अनुमान है, जिनकी रेंज 1500 किलोमीटर से बढ़ाकर 4000 किलोमीटर कर दी गई है। इजरायल के पास अभी 6 डॉल्फिन-क्लास पनडुब्बियां हैं और जर्मनी से तीन नेक्स्ट जनरेशन पनडुब्बियों के लिए समझौता भी हो चुका है।