हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र थाने के छोटी मड़ई धनौती में चोरों ने एक बंद घर का ताला काटकर आभूषण दुकानदार के घर से करीब 30 किलो चांदी और 40 ग्राम सोना चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था।

औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार देवचंद पोद्दार के पुत्र संतोष पोद्दार ने बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए दलसिंहसराय गए थे। इस दौरान कुछ चोरों ने घर में घुसकर कमरे से लेकर घर में रखे 30 किलो चांदी और 40 ग्राम सोना चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि घर में उनकी सरहज रहती थीं, जो खाना खाने दूसरे के घर गई थीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए हैं। भाई ने आवाज सुनकर उन्हें फोन पर जानकारी दी, जिसके बाद संतोष पोद्दार वापस हाजीपुर आए।

घरवालों ने घटना की सूचना औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घरवालों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। संतोष पोद्दार ने थानाध्यक्ष से सारा सामान खोजने और घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

औद्योगिक क्षेत्र थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि घर में चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल की गई। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।