हल्द्वानी पुलिस ने सोमवार को होडा बाईपास इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मंडी चौकी पुलिस एसओजी कर्मियों के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पानी की टंकी से करीब 100 मीटर आगे होडा तिराहे की ओर एक स्कूटी सवार सड़क किनारे खड़े व्यक्ति से बातचीत करता दिखा। खड़ा व्यक्ति अपना बैग खोलकर उसे कुछ दिखा रहा था।
पुलिस टीम को देखकर स्कूटी सवार मौके से भाग निकला, जबकि बैग लेकर खड़े व्यक्ति ने भी भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सतीश कुमार निवासी ग्राम गालतीबगर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर बताया। बैग की तलाशी लेने पर 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बताया कि वह बुलंदशहर से एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक लेकर आया था और इसे मुलचंद नाम के व्यक्ति को देने वाला था। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार स्कूटी सवार की तलाश की जा रही है।
