हरियाणा में आधार सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 17 जिलों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों से नागरिकों को आधार सेवाएं अपने नजदीक मिलेंगी और सामान्य कार्यों के लिए क्षेत्रीय कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये केंद्र हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत, मेवात (नूंह), जींद, झज्जर, करनाल, रोहतक और पलवल में संचालित किए जा रहे हैं। यह सुविधा केंद्र पहले से चल रहे आधार नामांकन और अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त होंगे।
केंद्रों पर नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट और अन्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। नया आधार बनवाना निशुल्क है, जबकि अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। ये केंद्र सभी आयु वर्ग के नागरिकों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं, जिसमें बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुलभ और समावेशी वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ में किसी विशेष कार्य से जाने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन समय बुक करें। इसके लिए sewa.uidai.gov.in पर अग्रिम समय लिया जा सकता है, जिससे यात्रा की बेहतर योजना बनाने और कार्यालय में व्यवस्थित ढंग से सेवा लेने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य आधार सुविधाओं तक पहुंच आसान करना, नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देना और लोगों का समय तथा अनावश्यक यात्रा बचाना है।
