हरियाणा के छह जिलों की ग्राम पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) खातों से अलग-अलग समय में करीब 4.53 करोड़ रुपये गायब होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लॉक समिति अध्यक्षों ने निकासी की सूचना अधिकारियों को दी है। अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के अनुसार रुपये निकालते समय किसी तरह का ओटीपी या मैसेज नहीं आया। पानीपत में साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी गई है।
पानीपत जिले में सबसे अधिक 2.91 करोड़ रुपये की निकासी बताई गई है। इसमें इसराना ब्लॉक समिति के खाते से 1.21 करोड़ रुपये और समालखा ब्लॉक समिति के खाते से 56.50 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा चुलकाना की पंचायत से 27 लाख, मनाना से 19.90 लाख, धनसौली से 9.90 लाख, बिहौली से 9.80 लाख, अधमी से नौ लाख, गढ़ी बेसक से पांच लाख, आट्टा से 2.50 लाख, किवाना से एक लाख और जौरासी पंचायत से 50 हजार रुपये गायब हुए। खातों से 14-15 नवंबर को सात ट्रांजेक्शन से 74.70 लाख रुपये बिना दो अफसरों के डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) के निकाले गए, जिसमें फतेहाबाद के भट्टू कलां खंड की मेहुवाला ग्राम पंचायत के खाते से 10 लाख रुपये भी शामिल हैं।
अन्य जिलों में फरीदाबाद जिला परिषद से 9.90 लाख, ग्राम पंचायत निगदू (नीलोखेड़ी) से 10 लाख, पंचायत समिति साहा (अंबाला) से 9.90 लाख, पंचायत समिति महम (रोहतक) से 10 लाख और पंचायत समिति बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) से 9.90 लाख रुपये निकल चुके हैं। फतेहाबाद जिला परिषद के पीएनबी खाते से छह दिनों के दौरान 10 से 15 नवंबर के बीच 14 अलग-अलग ट्रांजेक्शन से एनईएफटी के जरिये 87.48 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। जिला परिषद चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खिचड़ ने खाते से राशि निकलने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी खातों के मिलान और सर्वर लॉग की जांच के बाद आंकड़ा बड़ा हो सकता है।
पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों से उनके खातों की रिपोर्ट मांगी है। विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक सुशील सारवान को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। यह पता लगाया जाएगा कि खातों से रकम किस प्रक्रिया के तहत निकाली गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। ग्राम पंचायतों के खाते सामान्य तौर पर सरपंच और सचिव के संयुक्त हस्ताक्षरों से संचालित होते हैं और भुगतान प्रक्रिया में ओटीपी का प्रविधान होता है। गढ़ी बेसक के सरपंच रफाकत, धनसौली के सरपंच प्रतिनिधि हरविंद्र सिंह, चुलकाना के सरपंच सतीश, आट्टा के सरपंच दिलबाग, किवाना के सरपंच चैनपाल, मनाना के सरपंच प्रतिनिधि प्रवीन गौतम, बिहौली के ग्राम सचिव प्रवीन, समालखा ब्लॉक समिति के चेयरमैन अंकुश चौपड़ा और इसराना ब्लॉक समिति के चेयरमैन हरपाल मलिक ने रुपये निकलने की पुष्टि की है। पानीपत के लीड बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार सिंह से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन और व्हाट्सऐप मैसेज का जवाब नहीं दिया।
