गोहाना (सोनीपत)। हरियाणा रोडवेज की बसों में लगातार आ रही खराबी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को रोहतक से गोहाना आ रही एक बस में बाईपास के पास अचानक तकनीकी खराबी आ गई और उसके अगले पहिये से धुआं निकलने लगा। ब्रेक लेदर में आग लगने की आशंका को देखते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। चालक ने पहिये पर पानी डाला, लेकिन काफी देर तक धुआं उठता रहा। बीच रास्ते बस बंद होने से दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

यह गोहाना सब-डिपो में लगातार दूसरे दिन हुई ऐसी घटना है। इससे पहले सोमवार सुबह करीब आठ बजे गोहाना से रोहतक के लिए रवाना हुई एक बस महज दो किलोमीटर का सफर तय कर बाईपास पर ही खड़ी हो गई थी। रेस सिस्टम में अचानक खराबी आने से बस के पहिये थम गए और उसमें सवार करीब 50 यात्रियों को बीच हाईवे पर उतरना पड़ा था।

गोहाना सब-डिपो के बेड़े में विभाग की 40 बसें हैं, जबकि 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही हैं। इन 40 बसों की फिटनेस का जिम्मा जिस वर्कशाप पर है, वहां एक भी स्थायी मैकेनिक तैनात नहीं है। कार्यशाला हेल्पर मैकेनिक, हेल्पर इलेक्ट्रीशियन और प्रशिक्षण ले रहे अप्रेंटिस युवाओं के सहारे चल रही है। वर्कशाप में टायरों की भी भारी किल्लत है और समय पर टायर न मिलने से करीब आठ से 10 बसें वहां खड़ी हैं। बसों की संख्या घटने से कई लोकल रूटों पर परिवहन सेवा प्रभावित हो रही है।

वर्कशॉप में उपलब्ध स्टाफ और संसाधनों से बसों को दुरुस्त रखकर बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्कशॉप में स्थायी प्रशिक्षित स्टाफ की कमी है। यह जानकारी सर्विस सेंटर इंचार्ज, गोहाना बस स्टैंड देवेंद्र कुमार ने दी।