हाथरस में 20 साल पुराने अधिवक्ता प्रताप सिंह हत्याकांड में एडीजे-19 लोकेश कुमार ने चार आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों से हथियार बरामद कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया था, लेकिन फोरेंसिक लैब की जांच में घटनास्थल से बरामद खोखा-कारतूस के आरोपियों के हथियारों से चलने की पुष्टि नहीं हुई। गवाहों के बयानों में भी गंभीर विरोधाभास सामने आया।

थाना हाथरस जंक्शन में चार सितंबर 2006 को गजेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि उनका अधिवक्ता पुत्र प्रताप सिंह रोज की तरह सुबह आठ बजे खेतों की तरफ घूमने गया था, जहां मैना ठाकुरों की मड़ैया के पास अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर वादी और परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रताप सिंह हिप्पी के घर के सामने मृत पड़े मिले। उनके कनपटी समेत शरीर पर चार-पांच गोली के निशान थे।

पुलिस ने मामले में कुख्यात राजेश उर्फ टोंटा के अलावा शैलेश उर्फ शेलू, संजय, अजय, राहुल उर्फ अरविंद, प्रतीक उर्फ पुष्पेंद्र, गजेंद्र लाला, शीलू, संजू और मिलन को आरोपित बनाया था। आरोप था कि मृतक प्रताप सिंह कुख्यात राजेश उर्फ टोंटा के भाई की हत्या के मामले में आरोपित था और इसी रंजिश में हत्या की गई। हाईकोर्ट के आदेश पर दो जनवरी 2015 को मुकदमा आगरा न्यायालय में स्थानांतरित हुआ था। लगातार गैर हाजिर रहने के कारण राजेश उर्फ टोंटा, अजय, संजू, गजेंद्र लाला, शीलू और मिलन की पत्रावली अलग कर दी गई थी।

शैलेश उर्फ शेलू, संजय, राहुल उर्फ अरविंद और प्रतीक उर्फ पुष्पेंद्र के खिलाफ विचारण हुआ। बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु कुमार सक्सेना ने न्यायालय का ध्यान फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट पर आकृष्ट कराया, जिसमें खोखा कारतूस का आरोपितों से बरामद हथियारों से चलना प्रमाणित नहीं हुआ था। बचाव पक्ष ने यह तर्क भी दिया कि गवाहों ने जिस स्थान से घटना देखना बताया, नक्शा नजरी के अनुसार वहां से घटना देखना संभव नहीं था। गवाहों के विरोधाभासी बयानों और वैज्ञानिक साक्ष्य आरोपितों के खिलाफ न होने के आधार पर न्यायालय ने चारों आरोपियों को बरी कर दिया।