हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 23 पुड़िया में पैक करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर, एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित एक पुड़िया हजार रुपये में बेचते थे।

पुलिस को 24 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि दमदाही पुल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल गठित किया गया और संभावित स्थान की घेराबंदी की गई। इसी दौरान एक सफेद कार और मोटरसाइकिल से कुछ युवक वहां पहुंचे और पुल के पास बैठकर लेन-देन करने लगे। पुलिस को अपनी ओर आते देख वे भागने लगे, लेकिन छापेमारी दल ने पांच युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी में उनके पास से 23 पुड़िया में करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बड़कागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे और प्रति पुड़िया एक हजार रुपये लेते थे। आरोपित इससे मुनाफा कमाने के साथ स्वयं भी इसका सेवन करते थे। घटना के दिन भी वे ब्राउन शुगर बेचने के लिए दमदाही पुल के पास पहुंचे थे।

गिरफ्तार आरोपितों में मो. आफताब आलम (23), मो. राजन अंसारी (26), मो. अल्ताफ हुसैन (20), रविंद्र कुमार महतो (27) और पवन कुमार (25) शामिल हैं। सभी हजारीबाग जिले के निवासी हैं। छापेमारी दल में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश ख्वास, सहायक अवर निरीक्षक सूरज कुमार मोदी सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।