हिमाचल प्रदेश सरकार ने 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' लागू कर दी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी की। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये और पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।

योजना में 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये मिलेंगे। हालांकि, केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य समान आवर्ती आर्थिक सहायता का लाभ लेने वाली महिलाएं इसके लिए पात्र नहीं होंगी। सहायता राशि आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और आधार से जुड़े बैंक खाते के माध्यम से सीधे खाते में भेजी जाएगी। पात्र परिवार को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के माध्यम से अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों पर कुल 300 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली मिलेगी, जिसमें दोनों मीटरों की खपत मिलाकर सीमा तय होगी। पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों की पहचान की जा रही है।

योजना का उद्देश्य परिवारों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। सरकार केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्येक लाभार्थी परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का डिजिटल रिकार्ड तैयार कर उसके विकास की योजना भी बनाएगी। प्रत्येक पात्र परिवार का हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी एसडीएम को दी गई है। पंचायत सचिव हर साल परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा कर बदलाव का ब्योरा एमएमएपी पोर्टल पर अपडेट करेंगे, जबकि जिला स्तर पर उपायुक्त इसकी निगरानी करेंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग योजना का नोडल विभाग होगा।

लाभार्थी योजना से जुड़ी शिकायत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पास दर्ज करा सकेंगे, जिसका निपटारा बीडीओ को 15 दिन में करना होगा। पात्रता संबंधी फैसले के खिलाफ सात दिन के भीतर एसडीएम के पास अपील की जा सकेगी और एसडीएम को भी 15 दिन में निर्णय लेना होगा। गलत तरीके से सहायता प्राप्त करने वालों से राशि की वसूली का भी प्रविधान किया गया है।