चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र, सोनीपत की ओर से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के बेरोजगार ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए पांच विषयों में अल्प अवधि के व्यावसायिक प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। केंद्र ने इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती, फल एवं सब्जी परिरक्षण, बेकरी उत्पाद तैयार करने, नर्सरी उगाने तथा कटाई एवं सिलाई का तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अपनी आजीविका का साधन विकसित कर सकें।
प्रत्येक प्रशिक्षण के लिए जिले से 30 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में विधवा महिलाओं, दिव्यांग युवक-युवतियों तथा ऐसे परिवारों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन परिवारों में केवल बेटियां हैं। इसके अलावा उन गांवों के आवेदकों को भी प्राथमिकता मिलेगी, जहां से पहले किसी प्रतिभागी ने इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लिया है।
इच्छुक अभ्यर्थी जाति प्रमाण पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों के साथ जगदीशपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।
