जहानाबाद के शिवाजी पथ स्थित साइमा कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में बुधवार रात भीषण आग लग गई। अगलगी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना के समय दुकान बंद थी, इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
दुकानदार वसीम अकरम बुधवार रात करीब आठ बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब नौ बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और दुकान मालिक को सूचना दी गई।
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास की दुकानों के शेड और बैनर भी जल गए, हालांकि आग अन्य दुकानों तक नहीं पहुंच सकी।
पीड़ित दुकानदार वसीम अकरम ने बताया कि दुकान के नीचे बिक्री काउंटर और ऊपर गोदाम था, जहां रखे कपड़े, फर्नीचर समेत सारा सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
