पटना के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बुधवार को भारी भीड़ उमड़ी। शादी के भोज में व्यवस्था संभालने के लिए प्रशासन और आयोजकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। खाने की प्लेट लेने के लिए लंबी कतारें लग गईं और भोजन पंडाल के पीछे से भी लोग खाना लेने की कोशिश करते दिखे।
बताया जा रहा है कि कई लोगों को खाने की प्लेट नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद व्यवस्थापकों की ओर से एक साथ कई प्लेटें (पत्तल) हवा में उछालकर दूर तक पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसे देखकर लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। अनंत सिंह के घर और गांव में बुधवार को रैली जैसा नजारा देखने को मिला।
शादी से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, लेकिन भीड़ के कारण यह प्रतियोगिता अब कल समाप्त होगी। शादी समारोह में मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए गए थे। पहले से चार लाख से अधिक मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन शाम में अचानक भीड़ बढ़ जाने से व्यवस्थापकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
देर शाम भीड़ के बीच अनंत सिंह खुद पहुंचे और गमछा हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। भीड़ में उत्साह के बीच ही अनंत सिंह की बेटी की शादी में जयमाल की रस्म संपन्न हुई।
