देहरादून के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में परंपरागत बूढ़ी दिवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिलगांव खत के ऐठान गांव में 26 साल बाद यह लोक उत्सव 6 से 10 दिसंबर तक मनाया जाएगा। क्षेत्र के करीब दो सौ गांवों में खेती का काम निपटने के बाद यह इको फ्रेंडली पर्व मनाया जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शिरगुल महाराज की प्रवास यात्रा के बाद ऐठान गांव में 26 वर्ष बाद बूढ़ी दिवाली का आयोजन हो रहा है। जनजातीय समाज के लोग देशभर में दीपावली के एक माह बाद पहाड़ी संस्कृति के अनुसार यह उत्सव मनाते हैं। खेती-बाड़ी और मवेशी पालन से जुड़े ग्रामीण शीतकाल में बर्फ पड़ने से पहले खेती निपटने पर चार से पांच दिन तक इसे मनाते हैं। इससे पहले क्षेत्र की नौ खतों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में नई दिवाली मनाई जा चुकी है।

उत्सव के पहले दिन लोग ढोल-बाजे के साथ छोटी दिवाली मनाते हैं। औंसा रात को बड़ी दिवाली में आसपास के गांवों के लोग सामूहिक रूप से मशालें लेकर होलियात निकालते हैं। पुरुष और महिलाएं अलग-अलग टोलियों में हारुल एवं तांदी नृत्य से देवता की स्तुति करते हैं। उत्सव में नैंदरी होलियात, बड़ी होलियात, बिरुड़ी और जंदोई मेले का आयोजन होता है, जिसमें काठ का हाथी व हिरण नृत्य के साथ बूढ़ी दिवाली का समापन होगा।

बोंदूर खत के सदर स्याणा रजनेश पंवार, कोटा तपलाड़ के खत स्याणा विजयपाल तोमर, शिलगांव खत के स्याणा महेंद्र सिंह चौहान समेत कई लोगों ने कहा कि सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जौनसार बावर में बूढ़ी दिवाली का विशेष महत्व है। संयुक्त परिवार की परंपरा से जुड़े लोग इस उत्सव के लिए छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आते हैं। इस आयोजन से नई पीढ़ी को पुरातन संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है।