हरियाणा एनसीआर के चार जिलों—गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर—में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी हो रही है। पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने का काम तय समय सीमा बीतने के बाद अब शुरू हुआ है। पहले एक नवंबर और फिर 15 नवंबर तक 600 कैमरे लगाने की समयसीमा तय की गई थी, लेकिन अभी तक पंपों पर केवल 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' के बोर्ड ही लग सके हैं। कैमरे लगने में अभी 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए उन्हें ईंधन न देने के निर्देश जारी किए गए थे। कैमरे लगाने वाली कंपनी गोदावरी एडवांस टेक्नोलाजी प्रा. लि. के सीनियर मैनेजर एसपी शर्मा के अनुसार गुरुग्राम में 300, फरीदाबाद में 130, सोनीपत में 197 और झज्जर में 180 कैमरे लगाए जाएंगे। हर पंप पर एक कैमरा लगाया जाएगा, जो वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर स्पीकर के माध्यम से बताएगा कि वाहन अपनी आयु पूरी कर चुका है या उसके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र है। कंपनी सभी कैमरों का तीन साल तक रखरखाव करेगी।
सभी कैमरों की निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जहां से यह डाटा भी निकाला जा सकेगा कि किसी पंप पर किस दिन कितने वाहन ईंधन भरवाने पहुंचे और उनमें से कितनों के पास वैध पीयूसी था। जिले के पंपों पर आयल कंपनियों की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और पंप संचालकों को नीति का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। बिना पीयूसी वाले वाहन को तेल देने पर 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रविधान है।
सोनीपत के खाद्य आपूर्ति मामलों के नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि कैमरे लगाने में देरी का कारण टेंडर में देरी और त्योहारी सीजन माना जा रहा है तथा कंपनी को जल्द काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी सुभाष चंद्र के अनुसार परिवहन विभाग कैमरे लगाए जाने के बाद निगरानी करेगा कि पंपों पर नीति का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं, और लापरवाही बरतने पर 10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रविधान है।
