उत्तराखंड में पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में वर्दीधारी उप निरीक्षक के 200 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बुधवार को जारी बयान में यह जानकारी दी। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एक दिसंबर से शुरू होंगे और आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
आयोग सचिव एनके डुंगरियाल के अनुसार कुल 200 पदों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। प्लाटून कमांडर के पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा 18 अप्रैल, 2027 को प्रस्तावित है।
