देवरिया के सलेमपुर में बुधवार सुबह स्टेशन रोड पर लगे लंबे जाम के कारण एक बीमार पिता को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और उनकी मौत हो गई। मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी 80 वर्षीय कलाधर मणि त्रिपाठी की तबीयत सुबह बिगड़ गई थी। हालत गंभीर देख उनके बेटे शंभू मणि त्रिपाठी उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले जा रहे थे।

गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगी होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और रास्ता पूरी तरह जाम हो गया। बेटे ने वाहन का शीशा उतारकर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाई, लेकिन जाम के चलते वाहन आगे नहीं बढ़ सका। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार जाम से बाहर निकली और अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद कलाधर मणि त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।

घटना ने नगर में जाम और सड़क किनारे अतिक्रमण की समस्या को फिर उजागर कर दिया है। सीओ गौरव सिंह ने कहा कि स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से निजात के लिए कई बार सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक की गई है और बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जाम लग रहा है तो दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।

नगर पंचायत सलेमपुर के ईओ महेंद्र पांडेय ने कहा कि स्टेशन रोड पर जाम की समस्या से निजात के लिए नगर पंचायत लगातार अभियान चला रही थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया, जिसके बाद अभियान रोकना पड़ा। अब दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।