हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने सोलन जिले में अंधाधुंध व्यावसायिक निर्माण और पहाड़ों की अवैध कटाई पर सख्त रुख अपनाते हुए अंतरिम आदेश पारित किया है। मुख्य न्यायाधीश जी.एस. संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन सी. नेगी की खंडपीठ ने कहा है कि राज्य सरकार सोलन में हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट, 1972 की धारा-118 के तहत कोई नई अनुमति अदालत की पूर्व स्वीकृति और ठोस कारणों के बिना नहीं देगी।
यह आदेश कसौली के लोअर मॉल स्थित फिरोजी गांव की 'वुडविला' संपत्ति के पास हो रहे भारी निर्माण और खुदाई से जुड़े जनहित मामले की सुनवाई के दौरान दिया गया। एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह की निरीक्षण रिपोर्ट और तस्वीरों के अवलोकन के बाद कोर्ट ने पाया कि मौके पर हिल कटिंग के नियमों का घोर उल्लंघन हुआ है और खुदाई से कई पेड़ों की जड़ें बाहर निकल आई हैं। संबंधित संपत्ति के लिए ग्राम पंचायत कसौली गडखल से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जारी नहीं किया गया था।
सुनवाई में सामने आया कि एक ही प्रोजेक्ट के लिए अलग-अलग पार्टनरशिप फर्म बनाकर धारा-118 की अनुमतियां हासिल की गईं। कोर्ट ने कहा कि कॉरपोरेट पर्दा उठाने पर साफ होता है कि मेसर्स रेविएरा लग्जरी प्रोजेक्ट फाइव एलएलपी, मेसर्स स्रेतन लग्जरी प्रोजेक्ट फोर एलएलपी और मेसर्स जाम्बवती प्रोजेक्ट रियलिटी थ्री एलएलपी ने अलग-अलग नामों से अनुमतियां लेकर धारा-118 के प्रावधानों को निष्प्रभावी बना दिया है। कोर्ट ने तीनों बिल्डरों के साथ निदेशक नगर एवं ग्राम योजना और सचिव शहरी विकास को पक्षकार बनाकर नोटिस जारी किया है।
एसडीएम कसौली ने अदालत में स्वीकार किया कि रेडियो टावर के ठीक नीचे पहाड़ी की हरियाली और कटाई से हुआ नुकसान इतना व्यापक है कि यह करीब 25 किलोमीटर दूर शिमला से भी दिखाई देता है। कोर्ट ने 16 अक्टूबर 2026 को जारी काम रोकने के नोटिस को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए और कहा कि पालन न होने पर संबंधित थाना प्रभारी इसे सुनिश्चित करेंगे। अदालत ने कहा कि पिछले दशकों में सरकारों द्वारा धारा-118 के तहत बेतहाशा अनुमतियां देने से सोलन में फ्लैट्स और व्यावसायिक इमारतों की बाढ़ आ गई है। कोर्ट ने एसडीएम कसौली के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें क्षेत्र में चल रहे सभी बड़े व्यावसायिक निर्माणों का निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर 2026 को 'कुसुम बाली बनाम हिमाचल प्रदेश राज्य' मामले के साथ होगी।
