बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में बुधवार को करीब 8 से 10 वर्ष उम्र के एक बाघ का शव मिला है। वन विभाग के कर्मचारियों को नियमित पैदल गश्ती के दौरान शव दिखाई दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शहडोल से बुलाए गए डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर की मदद से घटनास्थल तथा आसपास के जंगल में सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नहीं मिली।

गुरुवार को पशु चिकित्सक डॉ. अभय सेंगर और डॉ. विपिन चंद्र आदर्श ने बाघ का पोस्टमार्टम किया। जांच में शरीर के सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण आवश्यक नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वन विभाग ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया।

विभाग को जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे पता चल सके कि बाघ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी बीमारी के कारण या किसी अन्य वजह से। मध्य प्रदेश में इस साल अब तक 58 बाघों की मौत दर्ज की जा चुकी है, जिनमें बांधवगढ़ और सामान्य वन मंडल में 15 तथा कान्हा टाइगर रिजर्व में 12 बाघ शामिल हैं। कान्हा में मृत बाघों में से नौ की मौत कैनाइन डिस्टेंपर वायरस के कारण हुई थी।