मथुरा: बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर दिए विवादित बयान के बाद मथुरा में नाराजगी तेज हो गई है। माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से शास्त्री के विरोध में विवादित बैनर और पोस्टर लगाए गए, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण को शास्त्री को पीटते हुए दिखाया गया है। परिषद के बैनर तले पदाधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्ग से यात्रा भी निकाली। कंस वध मेले को लेकर आयोजित शोभायात्रा में सबसे आगे यही विवादित बैनर की झांकी चल रही थी।
माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक का कहना है कि अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ की गई किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजकल एक ट्रेंड बन गया है कि पहले विवादित बयान दिया जाए और फिर माफी मांग ली जाए, लेकिन केवल माफी से गलती खत्म नहीं होती। पाठक ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की नगरी है और ब्रजवासी अपने आराध्य ठाकुर जी का अपमान सहन नहीं करेंगे।
धीरेंद्र शास्त्री के वृंदावन आने की चर्चा पर राजन पाठक ने कहा कि ब्रज के राजा का अपमान करके यहां से शांति से निकल जाने की भूल न की जाए। कंस वध के पारंपरिक उत्सव का हवाला देते हुए उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मथुरावासी उन्हें माफ नहीं करेंगे और मथुरा आने पर उनका उचित स्वागत और इलाज किया जाएगा।
बीते दिनों एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण की तुलना करते हुए कान्हा के स्वरूप पर टिप्पणी की थी। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने इस पर माफी मांग ली थी, लेकिन ब्रज के तीर्थ पुरोहितों और धार्मिक संगठनों की नाराजगी कम नहीं हुई है। अब विवादित पोस्टरों के सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
