हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गए। यह हादसा शनिवार को हिसार के भोजराज गांव स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार और शामली निवासी लांस नायक मनीष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में जवान अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान दो जवान जमीन पर लेटकर अभ्यास कर रहे थे, जबकि अभ्यास के तहत एक टैंक आगे बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि टैंक के आगे बढ़ने के दौरान काफी धूल उड़ रही थी, जिसके कारण टैंक चालक को जमीन पर लेटे दोनों जवान दिखाई नहीं दिए। टैंक आगे बढ़ता गया और दोनों जवान उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथी जवानों ने दोनों को तुरंत उपचार के लिए मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने हादसे की पुष्टि की है और बताया कि सैन्य अभ्यास के दौरान दो जवानों की मौत हुई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
