हैदराबाद पुलिस को रविवार को एक ईमेल मिला, जिसमें शहर में कुछ जगहों पर बम धमाके करने की धमकी दी गई थी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह ईमेल 21 नवंबर को शहर की पुलिस ईमेल आईडी पर भेजा गया था और प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत होता है। ईमेल लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नाम से भेजा गया था, जिसमें काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा को संभावित टारगेट बताया गया था। मेल में दावा किया गया कि मुंबई आतंकी हमले जैसे हमले किए जाएंगे और 300 लोगों की मौत होगी, हालांकि धमाकों का समय नहीं बताया गया। ईमेल में जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा कमांडर और मोस्ट-वांटेड आतंकवादी लतीफ भट्ट और उसके साथियों को मारने के बदले में हमलों की चेतावनी दी गई थी।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि संदिग्ध स्थानों पर विस्फोटक रोधी जांच की गई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। स्पेशल ब्रांच पुलिस ने शहर की सुरक्षा एजेंसियों को रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, होटलों, पूजा की जगहों, भीड़भाड़ वाली पब्लिक जगहों और जरूरी सरकारी जगहों पर निगरानी बढ़ाने तथा एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है और नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि ईमेल फर्जी है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।