INDI गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना अभियान मध्य प्रदेश, गुजरात और बंगाल तक बढ़ाने का फैसला किया है। यह अभियान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं को लेकर है। विपक्षी गठबंधन की योजना 12 दिसंबर को भोपाल, 19 दिसंबर को अहमदाबाद और जनवरी में कोलकाता में रैली करने की है। रिपोर्ट के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने इसे एक सोची-समझी रणनीति बताया और कहा कि दिल्ली के बाद अब बीजेपी शासित राज्यों में जाया जा रहा है। उत्तर भारत के लिहाज से मध्य प्रदेश की रैली को अहम माना जा रहा है।
ये प्रस्तावित रैलियां दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित एक सभा के बाद हो रही हैं। भोपाल को रैली की जगह के तौर पर चुनना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जून 2023 में पटना में जब INDI गठबंधन बना था, तब इसके शुरुआती फैसलों में से एक मध्य प्रदेश की राजधानी में रैली का आयोजन करना था। 13 सितंबर 2023 को शरद पवार के घर पर हुई बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने घोषणा की थी कि यह रैली अक्तूबर के पहले सप्ताह में होगी, हालांकि यह रैली नहीं हो सकी।
रिपोर्ट के मुताबिक, तब से मध्य प्रदेश के हालात काफी बदल गए हैं और राज्य में कांग्रेस को कुछ चुनावी सफलता भी मिली है। पार्टी ने नवंबर 2024 में विजयपुर विधानसभा उपचुनाव जीता और जुलाई 2025 में 9 शहरी निकाय चुनावों में से तीन पर जीत दर्ज की। अगस्त 2026 में दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम तिवारी ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को हराया।
गुरुवार को लखनऊ में एक रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार लोगों से उनके वोट देने के अधिकार को छीन रहे हैं।
