परिसीमन बिल के विरोध में शुक्रवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) शामिल नहीं हुई। बैठक के बाद खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गठबंधन दलों ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा लाया जा रहा परिसीमन संविधान संशोधन बिल लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन बिल के सहारे हमेशा के लिए सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा इसे पास कराने में सफल होती है तो आने वाले चुनाव में वह ‘अबकी बार, 800 पार’ का नारा देगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा का 400 पार का नारा था, लेकिन अब सीटें बढ़ाकर वह सत्ता अपने हाथ में लेना चाहती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिल में अनुसूचित जाति और जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि संविधान कहता है कि SC-ST की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन बिल में इसका कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली जनगणना के बारे में कुछ नहीं बताया गया। खरगे ने कहा कि अगर ताजा जनगणना के आधार पर परिसीमन होता तो SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई संख्या के अनुसार सीटें मिलतीं, लेकिन भाजपा उन्हें अधिकार नहीं देना चाहती।
खरगे ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस आयोग ने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची से हटाया है, उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है, जो उन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार अपराध के कटघरे में हैं और उनके नेतृत्व में परिसीमन होने पर और गड़बड़ी होगी। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने फायदे के लिए क्षेत्र बदलती है और सत्ता पूरी तरह अपने हाथ में लेने के लिए काम कर रही है।
