नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला शुक्रवार को समाप्त हो गया। इस बार मेले की एक खास पहचान 'हॉल ऑफ इंस्पिरेशन' रही, जहां 500 भारतीय स्टार्टअप ने अपने नए विचारों, उत्पादों और तकनीकी समाधानों को प्रदर्शित किया।

स्टार्टअप इंडिया की ओर से आयोजित इस विशेष मंडप में उभरते उद्यमों को अपनी तकनीक और कामकाज दिखाने का मंच मिला। इन स्टार्टअप ने खेती, खाद्य उत्पादों, नागरिक सुविधाओं और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में काम करते हुए दिखाया कि नए कारोबार केवल उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समस्याओं के समाधान तलाशने में भी जुटे हैं। मेले में आने वाले लोगों को यह जानने का अवसर मिला कि युवा उद्यमी नई तकनीक के जरिये सरकारी सेवाओं, खेती और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी चुनौतियों का हल किस तरह तलाश रहे हैं।

हाल में हंसा एआई का काम भी चर्चा में रहा। कंपनी के प्रतिनिधि शैलेंद्र ने बताया कि उनका संगठन सरकार के साथ मिलकर नागरिक तकनीक के क्षेत्र में काम करता है। इसके तहत स्कीम कनेक्ट और हमारा नेता ऐप जैसे प्रोजेक्ट पेश किए गए। वहीं टेकएक्सआर के प्रतिनिधि रामअवतार ने कंपनी के तीन ऐप- शुभ दर्शन, दुर्लभ दर्शन और सेंसएक्सआर की जानकारी दी।

इस मंच पर कृषि तकनीक और खाद्य उत्पादों से जुड़े स्टार्टअप भी शामिल हुए, जिससे छोटे और नए उद्यमों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने तथा संभावित ग्राहकों और कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचने का अवसर मिला। मेले में 500 स्टार्टअप की भागीदारी ने यह भी दिखाया कि ऐसे आयोजन अब स्थापित कंपनियों और बड़े कारोबारियों तक सीमित नहीं हैं। हालांकि, इस पहल की असली सफलता इस बात से तय होगी कि मेले में मिले संपर्क कितने कारोबारी अवसरों में बदलते हैं और इन नए उत्पादों को बाजार में कितनी जगह मिलती है।