आईपीएस आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके पैतृक गांव अलीगढ़ के फुसावली में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने मिठाई बांटी।
थाना बरला के गांव फुसावली निवासी आलोक सिंह अब यूपीपीएससी की कमान संभालेंगे। चेयरमैन बनने से गांव समेत पूरे इलाके में खुशी है। उनके पिता एसपीओ (कोड इंस्पेक्टर) से सेवानिवृत्त हुए हैं। आलोक सिंह का जन्म 1967 में इटावा में हुआ था, जहां उनके पिता नौकरी करते थे। छोटे भाई योगेंद्र सिंह अलीगढ़ में सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं। छह भाई-बहनों में आलोक सिंह दूसरे नंबर के हैं। उनकी बड़ी बहन नीरजा सिंह जज रह चुकी हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई आगरा के सेंट जोंस स्कूल से करने के बाद उन्होंने राजा बलवंत सिंह आगरा से अर्थशास्त्र में एमए और जयपुर के एक विश्वविद्यालय से एमबीए किया। 1992 में स्टेट बैंक में क्लर्क की नौकरी लगी। दीपावली के त्योहार पर परिवार मौजूद था, तभी बहन ने ताना मारा कि बैंक की नौकरी करने के बजाय आईपीएस बनो। उसी दिन से उन्होंने ठान लिया और बैंक की नौकरी छोड़कर दिल्ली के सरोज नगर में यूपीएससी की तैयारी में जुट गये। 1995 में पहले ही प्रयास में आईपीएस बने।
वे गोरखपुर और सुल्तानपुर में एसएसपी रहे। नोएडा पुलिस कमिश्नर भी रहे, इसके बाद कानपुर में एडीजी। फिलहाल पीएसी में महानिदेशक थे। उनकी पत्नी आकांक्षा आईआरएस हैं, मगर उन्होंने नौकरी नहीं की। छोटे भाई योगेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और गांव में लोगों ने मिठाई बांटी। आलोक सिंह चार दिन पहले अलीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने आये थे और गांव में अक्सर आते रहते हैं।
