तेहरान: होर्मुज जलडमरूमध्य को महीनों से बंद रखने के बाद ईरान ने अब उत्तरी हिंद महासागर पर नियंत्रण का दावा किया है। ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने सरकारी मीडिया IRIB के मुताबिक कहा कि ईरानी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से से लेकर उत्तरी हिंद महासागर तक के रणनीतिक समुद्री इलाके पर नियंत्रण कर लिया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि नौसेना इस क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा कर रही है।
यह दावा ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के साथ ईरान का समुद्री तनाव बढ़ रहा है और वाशिंगटन ने तेहरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। जनरल अकरमिनिया ने कहा कि पहले थोपे गए युद्ध के 67 दिनों के भीतर ही ईरानी नौसेना ने बाथिस्ट (इराकी) नौसेना को पछाड़ दिया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष में भी ईरानी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व से उत्तरी हिंद महासागर तक के इलाकों को नियंत्रित करती है।
इससे पहले शुक्रवार को IRIB को दिए एक इंटरव्यू में एडमिरल ईरानी ने कहा कि युद्ध के दौरान नाकेबंदी लगाने का मतलब है कि अमेरिका यह संघर्ष पहले ही हार चुका है। ISNA के मुताबिक उन्होंने कहा कि नाकेबंदी युद्ध शुरू होने से पहले लगाई जाती है, और युद्ध के दौरान ऐसा करने का मतलब है कि वे युद्ध हार चुके हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने फिर से धमकी दी है कि इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को उसके नियमों के मुताबिक चलना होगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य पहले से बंद रहा है और अब उत्तरी हिंद महासागर पर नियंत्रण का दावा इस इलाके से तेल और गैस की सप्लाई पर गहरा असर डाल सकता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए काफी हद तक इस रास्ते पर निर्भर है। ईरान इस क्षेत्र में चीन और रूस के साथ मिलकर संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी करता रहा है। भारत खुद को हिंद महासागर क्षेत्र का प्रमुख सुरक्षा प्रदाता मानता है और इस क्षेत्र में नेविगेशन की स्वतंत्रता बनाए रखने की नीति पर चलता है। ऐसे में ईरान का यह दावा भारत के लिए सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक तौर पर तनाव बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
