भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अभी तक सरकारी बंगला आवंटित नहीं हुआ है। उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद वह दिल्ली के छतरपुर स्थित एक निजी फार्महाउस में रह रहे थे। अब एक दिसंबर से उनका आवासीय पता बदलने जा रहा है। यह जानकारी उनके निजी सचिव अभ्युदय सिंह शेखावत ने धनखड़ के आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए दी है।

एक्स हैंडल पर जारी पोस्ट के अनुसार, आगामी एक दिसंबर 2026 से पूर्व उपराष्ट्रपति का आवासीय पता बदल जाएगा। आधिकारिक सरकारी आवास आवंटित होने तक वे नई दिल्ली में इंडिया गेट के निकट 6, तिलक मार्ग स्थित सागर अपार्टमेंट्स के अपार्टमेंट नंबर 8A में रहेंगे। पोस्ट में यह भी बताया गया है कि यह एक प्राइवेट संपत्ति है।

नियमों के तहत भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति को पद छोड़ने के बाद दिल्ली में एक टाइप-8 सरकारी बंगला आवंटित किए जाने का प्रावधान है। आधिकारिक आवास के आवंटन तथा उसकी मरम्मत या तैयारी की प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व पदाधिकारियों के लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत निजी आवास का उपयोग किया जाता है।

धनखड़ 11 अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 तक उपराष्ट्रपति के पद पर रहे। इसके बाद उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे को लेकर सियासी विवाद भी खूब हुआ था।