प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में कहा कि नशे की लत युवाओं की आकांक्षाओं के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से इससे उबरकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। पीएम मोदी ने इस बात पर संतोष जताया कि देश में नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है।
प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने नशे की लत से छुटकारा पा चुके एक युवक से बात की, जिसने अपने सफर और संघर्षों के बारे में बताया। उसकी बात सुनकर पीएम मोदी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 'नशा मुक्त युवा अभियान' पूरे जोर-शोर से जारी है।
मोदी ने मोबाइल फोन खो जाने की समस्या का जिक्र करते हुए 'संचार साथी' ऐप का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह ऐप खोए या चोरी हुए फोन का पता लगाने, संदिग्ध धोखाधड़ी वाली कॉल की रिपोर्ट करने और डिजिटल स्पेस को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद करता है। प्रधानमंत्री ने 'आईगॉट कर्मयोगी' प्लेटफॉर्म का भी जिक्र किया, जो सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7,000 से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि लाखों सरकारी कर्मचारियों ने कई पाठ्यक्रम पूरे किए हैं, कुछ कृत्रिम बुद्धिमत्ता की पढ़ाई कर रहे हैं तो कुछ भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के संग्रहालय वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं और पटना स्थित बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि इस सूची में बिहार संग्रहालय एशिया में पहले स्थान पर है। उन्होंने गुजरात के वडनगर स्थित 'अनंत अनादि वडनगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय' का भी उल्लेख किया, जहां खुदाई के दौरान अलग-अलग ऐतिहासिक काल की कई वस्तुएं मिलीं।
कला के क्षेत्र में देश की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने इटली के 'वेनिस आर्ट बायएनाले' में भारत के पवेलियन को सर्वश्रेष्ठ चुने जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कलाकारों ने दिखाया है कि देश की पारंपरिक कलाओं को नए रूप में प्रस्तुत करने पर वे पूरी दुनिया का मन मोह लेती हैं। पीएम मोदी ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में 'बायएनाले' की शुरुआत होगी, जिसमें 108 दिन तक देश की ऐतिहासिक स्मारकें, म्यूजियम और आर्ट गैलरीज इस उत्सव का हिस्सा बनेंगी। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ इस आयोजन में शामिल होने की अपील की।
