मोहम्मद रफी की आवाज़ में गाया गीत 'मन रे तू काहे ना धीर धरे' हिंदी सिनेमा के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गीत माना जाता है। यह गीत 1964 में आई फिल्म 'चित्रलेखा' का है। इसे साहिर लुधियानवी ने लिखा और रोशन ने संगीत दिया है। गीत सांसारिक मोह-माया और दिखावे से दूर धैर्य रखने का संदेश देता है। इसमें कहा गया है कि समय, रंग और रूप को कोई बांध नहीं सकता और अंत में कोई किसी के साथ नहीं जाता।
फिल्म जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही और उसका संगीत भी उस दौर में कहीं खो गया। बाद में लोगों ने जब इसे सुना तो गीत के बोल सीधे दिलों तक पहुंचे। साल 2010 में आउटलुक पत्रिका ने भारतीय संगीत जगत के 30 दिग्गज संगीतकारों, गीतकारों और गायकों के बीच एक सर्वेक्षण कराया था, जिसमें इस गीत को हिंदी सिनेमा के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गीत चुना गया था।
कहा जाता है कि गीत की शुरुआती पंक्तियां 'मन रे तू काहे ना धीर धरे, वो निर्मोही मोह ना जाने, जिनका मोह करे' खुद संगीतकार रोशन लाल नागरथ ने सुझाई थीं, जिसके आधार पर साहिर लुधियानवी ने पूरे गीत की रचना की। यह गीत शास्त्रीय रूप से बेहद कठिन माना जाता है, लेकिन किशोर कुमार अपने लाइव स्टेज शो में मोहम्मद रफी को श्रद्धांजलि देने के लिए इसे विशेष रूप से गाया करते थे।
अपने 40 दशक के करियर में मोहम्मद रफी ने अलग-अलग शैलियों में हजारों सदाबहार गाने गाए। उनकी मखमली आवाज़ का जादू यही था कि वे एक धुन छेड़ते और वह सीधे दिल में उतर जाती थी, जिसकी वजह से उनके गाने हर पीढ़ी को पसंद हैं।
