जैसलमेर के पंचायती राज इतिहास में एक नया कीर्तिमान जुड़ा है। पोकरण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की संतोष कुमारी जैसलमेर की नई निर्विरोध जिला प्रमुख बनी हैं। 21 साल 36 दिन की उम्र में यह पद संभालकर उन्होंने राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इतनी कम उम्र में जिले की सर्वोच्च पंचायती राज जिम्मेदारी मिलने पर स्थानीय राजनीति में उत्साह देखा जा रहा है।

संतोष कुमारी ने कांग्रेस के टिकट पर जैसलमेर जिला परिषद के वार्ड संख्या 21 से चुनाव लड़ा और 6208 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस सामान्य सीट पर कांग्रेस ने अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवा प्रत्याशी संतोष कुमारी पर भरोसा जताया और उन्हें सीधे जिला प्रमुख के शीर्ष पद तक पहुंचाया।

उनके राजनीतिक सफर से जुड़ा एक दिलचस्प संयोग यह है कि यदि पंचायती राज चुनाव प्रथम चरण में होते, तो न्यूनतम आयु सीमा पूरी न होने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ पातीं। तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव होने से उन्हें मौका मिला और अब वे 21 साल 36 दिन की उम्र में निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित होकर इतिहास रच चुकी हैं।

व्यक्तिगत प्रोफाइल की बात करें तो अविवाहित संतोष कुमारी ने बीए तक की शिक्षा प्राप्त की है और वे एक सामान्य और शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता चौथाराम भील ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। ग्रामीण प्रशासन से जुड़े परिवार की पृष्ठभूमि और उच्च शिक्षा के साथ अब संतोष कुमारी के सामने पूरे जैसलमेर जिले के ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी संभालने की चुनौती होगी।