64 साल पहले 'डॉक्टर नो' से पर्दे पर पहली बार जेम्स बॉन्ड आया था। तब से अब तक करीब 6 अभिनेता इस किरदार को निभा चुके हैं और अब पांच साल के इंतजार के बाद सातवें जेम्स बॉन्ड के रूप में रॉबर्ट पैटिंसन का नाम कन्फर्म हो गया है। शॉन कॉनरी से लेकर पियर्स ब्रॉसनन तक कई अभिनेताओं ने 007 के किरदार से दुनियाभर में स्टारडम हासिल की, लेकिन इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें कुछ नियमों से गुजरना पड़ा, जो 64 साल से चली आ रही परंपरा का हिस्सा हैं।
इन नियमों में एक अहम बात यह रही है कि जेम्स बॉन्ड बनने वाले अभिनेता पहले से बड़े स्टार न हों। बॉन्ड फिल्मों के निर्माता रहे कबी ब्रोकली का मानना था कि ऐसे अभिनेता को चुना जाए जो ग्लोबल स्टार न हो, ताकि दर्शक उसे जासूसी किरदार के रूप में आसानी से स्वीकार कर सकें। 'द जेम्स बॉन्ड आर्काइव्स' में उन्होंने कहा था कि अगर ऐसे एक्टर को लिया जाए जिसे लगभग कोई नहीं जानता, तो पब्लिक के लिए उसे उस किरदार के रूप में स्वीकार करना आसान होगा। मगर अब यह परंपरा रॉबर्ट पैटिंसन के साथ खत्म हो रही है, जिन्हें हाल ही में नए 007 यानी जेम्स बॉन्ड के तौर पर अनाउंस किया गया है।
जेम्स बॉन्ड ब्रिटिश राइटर इयान फ्लेमिंग का गढ़ा हुआ काल्पनिक ब्रिटिश जासूस है। इस किरदार को निभाने वाले अभिनेता के लिए यह जरूरी माना जाता है कि वह ब्रिटिश हो या कॉमनवेल्थ सिटिजन हो। अब तक जो भी 007 बने हैं, सभी UK से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा अभिनेता की उम्र 30 से 40 के बीच, फिजिकली फिट और चार्मिंग होनी चाहिए, क्योंकि किरदार में शातिर दिमाग के साथ स्टाइल, आकर्षक रूप और स्मार्ट एक्शन की कला होती है।
बॉन्ड का एक सिग्नेचर लुक भी है, जिसमें वह वेल फिटिंग ब्लैक या मिडनाइट ब्लू टक्सीडो, क्रिस्प व्हाइट शर्ट और ब्लैक बो-टाई में नजर आता है। कहा जाता है कि इसको लेकर एक अनरिटन रूल है, जिसके मुताबिक बॉन्ड बनने वाला अभिनेता किसी और नॉन-बॉन्ड फिल्म में ब्लैक या मिडनाइट टक्सीडो नहीं पहन सकता, ताकि किरदार की आइकॉनिक इमेज बनी रहे। साथ ही यह किरदार निभाना बड़ी कमिटमेंट माना जाता है, क्योंकि अभिनेताओं को आमतौर पर 10 से 12 वर्षों तक की शूटिंग और दुनिया भर में प्रेस टूर वाले समझौते पर हस्ताक्षर करने पड़ते हैं।
